नंगल के भाखड़ा मुख्य मार्ग स्थित केशव नगर में एक आलीशान कोठी पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने शुक्रवार सुबह छापेमारी शुरू की। जानकारी के अनुसार, दो गाड़ियों में सवार होकर पहुंची ईडी अधिकारियों की टीम ने सुबह करीब 6 बजे कार्रवाई शुरू की, जो फिलहाल जारी है। छापेमारी के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही है। पत्रकारों ने जब ईडी अधिकारियों से कार्रवाई के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया तो अधिकारियों ने इस बारे में बात करने से साफ इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि ईडी की यह कार्रवाई कथित हवाला मनी से जुड़े मामले को लेकर हो सकती है। हालांकि, मामले की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।