चंडीगढ़ के वार्ड नंबर 14 के पार्षद और भाजपा के जिला उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह संधू ने चंडीगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा पर हमला बोला है। संधू ने मल्होत्रा द्वारा गांवों और पंजाबियों के हितों के खिलाफ दिए बयानों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने मल्होत्रा को तत्काल प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाए जाने की मांग की है। इससे भाजपा के अंदर खलबली मच गई है। संधू फिलहाल आस्ट्रेलिया में हैं। वे 15 जून को आस्ट्रेलिया पहुंचे हैं। कुलजीत सिंह संधू ने कहा कि चंडीगढ़ के गांवों के किसान और निवासी लंबे समय से लैंड पूलिंग पॉलिसी तथा चेंज इन लैंड यूज (सीएलयू पॉलिसी की मांग कर रहे हैं, ताकि गांवों का सुनियोजित विकास हो सके और किसानों को उनके अधिकार मिल सकें। लेकिन भाजपा अध्यक्ष लगातार इन जनहितकारी मांगों का विरोध कर रहे हैं, जो गांवों के विकास को रोकने और किसानों के हितों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि पंजाबियों और ग्रामीण आबादी के खिलाफ किसी भी प्रकार की टिप्पणी या भेदभावपूर्ण सोच स्वीकार नहीं की जा सकती। चंडीगढ़ के गांव शहर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं और उनके अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए। संधू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की कि चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष के बयानों और रवैये का गंभीर संज्ञान लिया जाए तथा गांवों और किसानों के हितों के खिलाफ कार्य करने वाले ऐसे नेतृत्व को तत्काल बदला जाए। उन्होंने कहा कि लैंड पूलिंग पॉलिसी और सीएलयू पॉलिसी लागू कर चंडीगढ़ के गांवों को विकास की मुख्यधारा में लाया जाना चाहिए। ग्रामीणों और किसानों को उनका न्यायसंगत अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। मल्होत्रा की बात पर आप ने भी नाराजगी जताई है। आप ने मांग की है कि उन्हें तत्काल पद से हटाया जाए। यदि नहीं हटाया गया तो आप भाजपा कार्यालय का घेराव करेगी।