फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुनाम-जाखल रोड पर गहरा गड्ढा, लोग परेशान

सुनाम की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक, सुनाम-जाखल रोड ( पंजाब को हरियाणा से जोड़ने वाली प्रमुख सड़क) पर सिलो गोदाम के ठीक बाहर सड़क की हालत बेहद खस्ताहाल और जानलेवा बनी हुई है। सड़क के बीचों-बीच बना एक लंबा और गहरा गड्ढा यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए काल साबित हो रहा है। कुछ स्थानीय नागरिकों ने इंसानियत के नाते इस गड्ढे के एक हिस्से में मिट्टी डालकर इसे भरने का प्रयास जरूर किया है, लेकिन इसके बावजूद गड्ढे का एक बड़ा हिस्सा अब भी गहरे कुएं के रूप में मौजूद है। जिन राहगीरों को इस रास्ते की जानकारी है, वे तो अपने वाहन की रफ्तार धीमी करके जैसे-तैसे निकल जाते हैं, लेकिन अनजान वाहन चालकों के लिए यह सड़क एक बुरे सपने जैसी बन गई है। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि रात के समय या बारिश के दिनों में यह गड्ढा पानी भरने के कारण बिल्कुल दिखाई नहीं देता। ऐसी स्थिति में कोई भी बच्चा, बुजुर्ग, महिला या अनजान राहगीर कभी भी इसका शिकार हो सकता है। यह मार्ग 24 घंटे भारी ट्रैफिक से घिरा रहता है और आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस भी इसी रास्ते से गुजरती हैं। यदि कोई एम्बुलेंस किसी गंभीर मरीज को लेकर तेज रफ्तार में यहां से निकलती है और अचानक इस गहरे गड्ढे की चपेट में आ जाती है, तो मरीज की जान पर बन सकती है। प्रशासन की यह अनदेखी किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। दिन-रात वाहनों की आवाजाही से गुलजार रहने वाली इस मुख्य सड़क की दुर्दशा को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी रोष है। लोगों का साफ कहना है कि क्या प्रशासन को यह बड़ा गड्ढा दिखाई नहीं देता? या फिर अधिकारी किसी बेकसूर की जान जाने यानी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं, जिसके बाद ही उनकी नींद टूटेगी?स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने प्रशासन व पीडब्ल्यूडी विभाग से पुरजोर मांग की है कि किसी भी अनहोनी से पहले इस गड्ढे को तुरंत पक्के तौर पर भरा जाए और सड़क की मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर शुरू किया जाए।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें