लगता है कि पंजाब पुलिस के उच्च अधिकारी अपने कर्मचारियों को नैतिकता का पाठ पढ़ाने में नाकाम हो रहे हैं। आम पब्लिक के साथ गाली-गलौज करने के लिए मशहूर पंजाब पुलिस का घिनौना चेहरा एक बार फिर फगवाड़ा में उस समय नजर आया जब फगवाड़ा के सिटी थाने में तैनात एएसआई परमजीत ने पत्रकारों के साथ ना केवल भद्दी शब्दावली में गाली दी बल्कि उनके सवालों का जवाब देना भी उचित नहीं समझा। मामला बुधवार देर रात का है जब हिन्दू संगठनों के प्रतिनिधियों ने फगवाड़ा के हाईवे पर गायों से भरा ट्रक पकड़ा। तब मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी परमजीत से जब पत्रकारों ने मामले की जानकारी लेने के लिए सवाल किया तो उक्त पुलिस अधिकारी ने सवाल का जवाब देने की बजाय पत्रकारों को गाली दी और भद्दी शब्दावली का प्रयोग कर बिना उनके सवालों का जवाब दिए वहां से चला गया।