पंजाब सरकार की ओर से किसानों की आमदनी बढ़ाने और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में खेती-बाड़ी और किसान भलाई विभाग, जिला मोगा की ओर से शनिवार को सिखलाई शिविर का आयोजन किया गया। इस कैंप का मुख्य उद्देश्य किसानों को रबी की फसलों की तैयारी, धान की कटाई के बाद पराली की सही संभाल, और पराली को आग न लगाने के लिए प्रेरित करना था। विशेषज्ञों ने किसानों को बताया कि पराली प्रबंधन के लिए आधुनिक मशीनी तरीकों जैसे हैप्पी सीडर, सुपर सीडर और रोटावेटर का उपयोग कैसे किया जा सकता है ताकि पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे और मिट्टी की गुणवत्ता भी बनी रहे। इसके साथ ही किसानों को गेहूं की आगामी बिजाई के लिए उचित बीज, खाद और तकनीकी जानकारी भी दी गई ताकि उपज में बढ़ोतरी हो सके। इस अवसर पर मोगा के डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया (आईएएस), मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, और बाघापुराना के विधायक अमृतपाल सिंह सुखाननंद विशेष रूप से उपस्थित रहे।