फिरोजपुर मंडल में आज 69वें रेल सप्ताह पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन रेलवे ऑफिसर्स क्लब फिरोजपुर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्कूली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना के साथ हुआ। समारोह की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने की। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक नितिन गर्ग, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह सहित मंडल के अन्य अधिकारी, कर्मचारी, यूनियनों, एसोसिएशनों एवं फेडरेशनों के प्रतिनिधि तथा उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं उपस्थित रहीं। समारोह के दौरान वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेल कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।विभिन्न कार्य क्षेत्रों में सराहनीय प्रदर्शन के लिए कुल 63 कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।