युवक को लव मैरिज करना महंगा पड़ गया। गुस्साए युवती के परिवार वालों ने दूल्हे के घर को आग लगा दी। मामला इंटर कास्ट मैरिज से जुड़ा है। घटना पठानकोट की है। पुलिस थाना सदर के अधीन आते गांव शावला में एक युवक ने दूसरी जाति की लड़की के साथ लव मैरिज की थी। युवती ने परिवार के खिलाफ जाकर युवक से कोर्ट मैरिज कर ली। पता चलते ही लड़की के परिवार सदस्य युवक के घर पहुंच गए। गुस्साए परिजनों ने युवक के घर को आग के हवाले कर दिया। घटना का पता चलते ही थाना सदर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाया। दूसरी तरफ पुलिस ने लड़की परिवार से आए तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें एक पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। तीनों के खिलाफ केस दर्ज करके पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों में लड़की का दादा मुलखराज, सृष्टा देवी और बलविंदर कौर हैं।