विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस में उभरे असंतोष को शांत करने और नाराज नेताओं को मनाने की जिम्मेदारी संभालते हुए प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल सोमवार शाम चंडीगढ़ पहुंच गए। बघेल के पहुंचने से पहले ही नाराज कांग्रेसियों का नेतृत्व कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी कुछ समर्थक नेताओं के साथ हाईकमान से मिलने दिल्ली रवाना हो गए। पार्टी सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी सात जुलाई को विदेश दौरे से लौट रहे हैं और चन्नी उनसे मिलने के लिए दिल्ली में कैंप कर सकते हैं। बघेल ने साफ किया कि वह पांच दिन चंडीगढ़ में रहेंगे। इस दौरान विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गठित प्रचार कमेटी, कोर कमेटी, चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय कमेटी और मेनिफेस्टो कमेटी के अध्यक्षों व सदस्यों के साथ बैठकें करेंगे। वह युवा कांग्रेस की नई टीम से भी मिलेंगे और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का औपचारिक स्वागत करेंगे। पार्टी में मतभेदों को लेकर बघेल ने कहा कि वह सभी नेताओं की बात सुनेंगे। प्रचार कमेटी के अध्यक्ष चन्नी के दिल्ली चले जाने से अब उनकी मौजूदगी में कमेटी की बैठक होगी या नहीं, इस पर नजर रहेगी। चन्नी समर्थकों का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री पहले हाईकमान के सामने नेताओं और कार्यकर्ताओं की बात रखना चाहते हैं। दिल्ली रवाना होने से पहले चन्नी ने सोमवार सुबह प्रचार कमेटी की बैठक ली।