गाने टटीरी को लेकर विवाद में फंसे रैपर बादशाह को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हरियाणा सरकार ने अदालत को बताया कि उनके खिलाफ जारी लुकआउट सर्कुलर वापस ले लिया गया है और महिला आयोग के आदेश के आधार पर फिलहाल कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। इसके बाद अदालत ने याचिका का निपटारा कर दिया। हरियाणा राज्य महिला आयोग को शिकायत मिली थी कि टटीरी गाने में महिलाओं का अशोभनीय चित्रण किया गया है। इस पर आयोग ने 13 मार्च 2026 को पानीपत के एसपी को एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इससे पहले 6 मार्च 2026 को पंचकूला के साइबर क्राइम थाने में गाने को लेकर एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायत में आरोप था कि यह गीत यूट्यूब समेत विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हुआ और इसमें आपत्तिजनक सामग्री है। आयोग ने बादशाह को पेश होने के लिए तलब भी किया था। समय मांगे जाने के बावजूद सख्त रुख अपनाते हुए गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे जिसे चुनौती देते हुए बादशाह हाईकोर्ट पहुंचे थे।