चंडीगढ़ के 30 स्कूलों को एक साथ बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि ईमेल का आईपी एड्रेस और सर्वर अमेरिका (यूएस) का था। धमकी भरे ईमेल को जीमेल अकाउंट से भेजा गया, जो अमेरिका से एक्सेस किया गया। पुलिस का अनुमान है कि ईमेल भेजने वाला गुरपतवंत सिंह पन्नू हो सकता है। इससे पहले जिला अदालत को भेजी गई धमकी भरी ईमेल का तरीका लगभग समान था। धमकी में 22 प्राइवेट और 8 सरकारी स्कूलों को निशाना बनाया गया। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने सभी स्कूलों को सीसी में जोड़कर ईमेल भेजा। जिला अदालत और अन्य स्थानों को धमकी आउटलुक डॉट कॉम के जरिए भेजी गई थी। धमकी में यह भी लिखा गया कि चंडीगढ़ खालिस्तान है, बम ब्लास्ट @ 1:11 बजे, चंडीगढ़ स्कूल्स। साथ ही ईमेल में राष्ट्रगान बंद करने, धार्मिक नारे लिखने और पीएम मोदी के पंजाब दौरे का जिक्र भी किया गया था। पुलिस गूगल से डिटेल मांगकर आरोपी की पहचान और संभावित उद्देश्य की जांच कर रही है। बम धमकी के मामले के दूसरे दिन शहर के स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। एहतियात के तौर पर स्कूलों के बाहर पुलिस की टीमें लगातार गश्त करती नजर आईं।