सीमा सुरक्षा बल के पंजाब फ्रंटियर के महानिरीक्षक अतुल फुलजेल ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार गिराने की घटनाएं तेजी से बढ़ गई हैं। बीएसएफ के 61वें स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर अमृतसर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खासकर ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह रुझान बढ़ा है। इस साल बीएसएफ ने 200 से ज्यादा विभिन्न प्रकार के हथियार बरामद किए हैं जिनमें ज्यादातर पिस्तौलें और कई एके-47 राइफलें शामिल हैं। इसके अलावा 265 मैगजीन, 3,625 जिंदा राउंड, 10 किलोग्राम विस्फोटक और 12 हैंड ग्रेनेड भी बरामद हुए हैं। 7 मई को भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए थे। इनमें जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ बहावलपुर और लश्कर-ए-तैयबा का अड्डा मुरीदके शामिल थे। यह कार्रवाई 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकी हमले का जवाब थी जिसमें 26 लोग शहीद हुए थे। भारत की इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमला किया और तीन दिनों तक सीमा पर गोलाबारी की।