नशे के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत फाजिल्का पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक किलो 33 ग्राम हेरोइन समेत दो नशा तस्करों को काबू करने में कामयाबी हासिल की है। फाजिल्का के एसएसपी गुरमीत सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि फाजिल्का पुलिस द्वारा एफएफ रोड के पास गांव थेह कलंदर में गश्त के दौरान दो युवकों को शक के आधार पर रोका गया। जब उनके पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई तो काले रंग के लिफाफे में से एक किलो 33 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। काबू किए गए आरोपियों की पहचान हरदीप सिंह पुत्र सुखमंदर सिंह निवासी अमर सिंह वाला 33 एल एल डब्ल्यू पीली बंगा, जिला हनुमानगढ़ (राजस्थान) और जैदीप सिंह पुत्र बूटा सिंह निवासी खारा चक्क, सादुल शहर, जिला श्रीगंगानगर (राजस्थान) के रूप में हुई है। इनके खिलाफ थाना सदर फाजिल्का में एन.डी.पी.एस. एक्ट तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।एसएसपी ने बताया कि काबू किए गए आरोपियों में से हरदीप सिंह के खिलाफ पहले भी बाना कोतवाली, श्रीगंगानगर में 50 ग्राम हेरोइन समेत एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत केस दर्ज हो चुका है।एसएसपी गुरमीत सिंह ने कहा कि आरोपियों से गहराई से पूछताछ की जा रही है और उनके बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंक की जांच भी जारी है। पुलिस द्वारा नशा तस्करी की जड़ तक पहुंचने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।