मशहूर पंजाबी गायक एपी ढिल्लों के कनाडा के वैंकूवर आइलैंड वाले घर पर पिछले साल हुई फायरिंग के मामले में कोर्ट ने 26 साल के अभिजीत किंगरा को दोषी ठहराया है। कोर्ट ने उसे 6 साल की सजा सुनाई है। किंगरा ने एपी ढिल्लों के घर के बाहर खड़ी दो गाड़ियों में भी आग लगा दी थी। कनाडा पुलिस ने अभिजीत किंगरा को ओंटारियो से गिरफ्तार किया था। बीसी की अदालत ने उसे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, आग लगाने और किसी की सुरक्षा के प्रति लापरवाही से बंदूक चलाने के आरोपों में दोषी ठहराया। किंगरा का लारेंस गैंग से संबंध था और उसे कनाडा में एपी ढिल्लों के घर पर फायरिंग करने का आदेश दिया गया था। किंगरा की सजाएं, 2 और 6 साल, एक साथ काटी जाएंगी। जेल में बिताए समय के बाद उसे करीब अन्य 4.5 साल कैद काटनी होगी। इसके अतिरिक्त, उस पर हथियार रखने पर आजीवन प्रतिबंध लगाया गया है।