श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने आए एक परिवार से रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो के बाद ट्रैफिक पुलिस के संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार, गांव थोभा से एक परिवार अपनी कार से अमृतसर पहुंचा था। आरोप है कि रास्ते में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों ने उनकी गाड़ी को रोका और बिना कोई स्पष्ट कारण बताए उनसे 500 रुपये ले लिए। परिवार के सदस्यों ने इसके बाद वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर डाल दिया और पूरी घटना के बारे में बताते हुए आरोप लगाए। वीडियो सामने आने के बाद एडीसीपी ट्रैफिक अमनदीप कौर ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित पुलिस कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने बिना वैध कारण के वाहन रोका और पैसे लिए, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।