अमृतसर में नशा मुक्त पंजाब संकल्प समारोह 2026 के तहत आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नशे के खिलाफ समाज के सभी वर्गों से एकजुट होकर काम करने की अपील की। मीडिया से बातचीत में राज्यपाल ने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाना सिर्फ सरकार का नहीं, बल्कि हर नागरिक का संकल्प होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब ने देश की आजादी में अहम योगदान दिया है, लेकिन आज नशे की लत ने कई युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। सीमावर्ती इलाकों की स्थिति पर बोलते हुए गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए घुसपैठ की चुनौती अभी भी बनी हुई है। अमृतसर, गुरदासपुर और पठानकोट के कुछ क्षेत्रों में ड्रोन देखे जाने के मामले सामने आ रहे हैं, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के सहयोग से कई मामलों में सफलता भी मिली है। महिलाओं की भूमिका पर उन्होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के बराबर आगे बढ़ रही हैं और उन्हें लोकतंत्र में समान अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा और प्रशासनिक क्षेत्रों में महिलाओं की उपलब्धियां सराहनीय हैं और राजनीति में भी उनकी भागीदारी बढ़ना देश के लिए फायदेमंद होगा।