पंजाबी गायक और अभिनेता रंजीत बावा मंगलवार को सचखंड श्री दरबार साहिब पहुंचे और श्रद्धा के साथ माथा टेका। उन्होंने पवित्र अमृत सरोवर की परिक्रमा की और गुरु घर में बैठकर गुरबाणी कीर्तन का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने गुरु साहिब की हजूरी में अरदास कर जीवन में मिली नेमतों और आगामी कार्यों के लिए शुक्राना किया। मीडिया से बातचीत में रंजीत बावा ने कहा कि गुरु रामदास जी के दर पर पहुंचकर हमेशा आत्मिक शांति मिलती है। उन्होंने कहा, “जब भी कोई नया प्रोजेक्ट होता है, प्रोजेक्ट से पहले या बाद में गुरु महाराज के शुक्राने के लिए जरूर आते हैं।” उन्होंने कहा कि गुरु दरबार से बड़ी उनके लिए कोई जगह नहीं है। इसी कारण वह यहां केवल नतमस्तक होकर गुरु साहिब का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। नए प्रोजेक्ट को लेकर सवाल पूछे जाने पर रंजीत बावा ने कहा कि वह इस समय गुरु महाराज की हजूरी में हैं और यहां किसी अन्य विषय पर बातचीत नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब से बड़ा कोई नहीं है। इस दौरान गुरु घर में मौजूद संगत और उनके प्रशंसकों ने रंजीत बावा को देखकर खुशी जताई।