फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंडीगढ़ प्रदर्शन में आंसू गैस वाले ड्रोन के इस्तेमाल पर सिमरनजीत सिंह मान ने उठाए सवाल, अमृतसर में की प्रेस कॉन्फ्रेंस

शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के प्रमुख और पूर्व सांसद सिमरनजीत सिंह मान ने मंगलवार को अमृतसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चंडीगढ़ में 15 अगस्त को हुए प्रदर्शन, आंसू गैस छोड़ने के लिए ड्रोन के इस्तेमाल, बंदी सिखों की रिहाई, फतेहगढ़ साहिब की घटना और सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। मान ने कहा कि चंडीगढ़ प्रदर्शन के दौरान निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस छोड़ने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल करना गंभीर मामला है। प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने को भी उन्होंने दमनकारी कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर वह कानूनी स्तर पर भी आवाज उठाएंगे। उन्होंने सवाल किया कि ड्रोन के इस्तेमाल का फैसला किसके आदेश या सलाह पर लिया गया। बंदी सिखों की रिहाई की मांग करते हुए मान ने कहा कि कई बंदी सिख 30-30 साल से जेलों में बंद हैं। उन्होंने भाई हवारा सहित अन्य बंदियों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके परिवारों को अपने बुजुर्गों और माता-पिता से मुलाकात की अनुमति मिलनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री, गृह मंत्रालय और खुफिया एजेंसियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। मान ने 21 अगस्त को बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर प्रस्तावित पंजाब बंद का समर्थन करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से उठाई जा रही मांग का समर्थन किया जाना चाहिए। सुखबीर बादल पर हुए हमले की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि वह किसी भी व्यक्ति या कौम के खिलाफ हिंसक कार्रवाई का समर्थन नहीं करते। राजनीतिक और वैचारिक मतभेदों का समाधान लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से होना चाहिए। एसजीपीसी चुनाव जल्द करवाने की मांग करते हुए मान ने कहा कि धार्मिक संस्थाओं का संचालन भी लोकतांत्रिक तरीके से होना चाहिए। आगामी चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल अमृतसर चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और पार्टी पंजाब के अधिकारों व सिख मुद्दों को लेकर अपना अभियान आगे बढ़ाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें