थाईलैंड से लाैटे व्यक्ति से लूट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान गगन दीप सिंह और निशान सिंह निवासी रसूलपुर कल्लर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनसे लूट का सामान भी बरामद कर लिया है। एडीसीपी हरपाल सिंह ने बताया कि श्री नगर के अत्थर जावेद कुछ दिन पहले थाईलैंड गए थे। मंगलवार की रात करीब सवा एक बजे वह फ्लाइट से श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरे थे। यहां से टैक्सी में रेलवे स्टेशन पहुंचे और ट्रेन से जम्मू और वहां से श्रीनगर जाना था। रात को ट्रेन न होने के कारण जावेद रेलवे स्टेशन से बाहर आ गए। बाहर ई-रिक्शा चालक से उन्होंने टैक्सी स्टैंड के बारे में पूछा। इस ई-रिक्शा पर उक्त दोनों आरोपी बैठे थे। आरोपियों ने जावेद से कहा कि वह उसे टैक्सी स्टैंड तक ले जाएंगे तो वह उनके साथ बैठ गए। आरोपी उनको वल्ला सब्जी ले गए और खिलौना पिस्तौल दिखाकर गोली मारने की धमकी देते हुए तेज हथियार उनके गले पर लगा दिया। इसके बाद उन्होंने उनसे सात हजार रुपये, डाॅलर, सोने के गहने, कपड़े, जूते और जो कपड़े पहने थे, वह भी उतरवा लिए और जमकर मारपीट भी की। इसके बाद आरोपी भाग गए। किसी तरह वह वल्ला पुलिस थाने पहुंचे और शिकायत दी। थाना प्रभारी जतिंदर सिंह ने टीम तैयार कर दो घंटे बाद ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया और लूटा हुआ सामान भी बरामद कर लिया।