अमृतसर में मुस्तफाबाद स्थित लक्ष्मी विहार 88 फुट रोड के निवासी इन दिनों नशेड़ियों की गतिविधियों से परेशान हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इलाके में आए दिन नशा करने वाले लोग घूमते रहते हैं, जिससे मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस संबंध में कई बार पुलिस को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि नशेड़ियों के कारण इलाके में रहने वाले परिवारों में डर का माहौल है। खासकर महिलाओं और युवतियों को घर से बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि लक्ष्मी विहार में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और नशा करने तथा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।