अमृतसर में शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम मजीठिया ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की मौजूदा कानून व्यवस्था को देखते हुए पंजाब को पूर्णकालिक डीजीपी की जरूरत है, न कि कार्यकारी डीजीपी की। पत्रकारों से बातचीत करते हुए बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं और बिगड़ती कानून व्यवस्था गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि जब तक पंजाब पुलिस को स्थायी नेतृत्व नहीं मिलेगा, तब तक हालात में सुधार की उम्मीद करना मुश्किल है। मजीठिया ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था कमजोर हुई है और लोगों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को जल्द से जल्द पंजाब के लिए पूर्णकालिक डीजीपी की नियुक्ति करनी चाहिए, ताकि पुलिस प्रशासन प्रभावी ढंग से काम कर सके और अपराध पर नियंत्रण पाया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश की शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सरकार को ठोस और जिम्मेदार फैसले लेने की जरूरत है।