मृतक गगनदीप सिंह रंधावा का शव सोमवार को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया गया। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। इस दौरान परिजन भी मौके पर मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए रखी। मृतक के भाई वरिंदर पाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम पूरी पारदर्शिता के साथ कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। साथ ही परिवार की ओर से भी एक फोटोग्राफर मौजूद रहेगा, ताकि प्रक्रिया पर किसी तरह का संदेह न रहे। परिजनों ने एक बार फिर मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग दोहराई है। वरिंदर पाल सिंह ने कहा कि शुरू से ही उनकी मांग केंद्रीय एजेंसी से निष्पक्ष जांच की रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस मामले में हस्तक्षेप करेंगे और जल्द सीबीआई जांच के आदेश जारी होंगे। उन्होंने अब तक की पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि अब तक कितने आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और आगे क्या कार्रवाई की गई है, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही। हालांकि कुछ गिरफ्तारियों की बात सामने आई है, लेकिन परिवार का कहना है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें न्याय दिलाया जाए।