श्री हरमंदिर साहिब माथा टेकने आए एक परिवार का बच्चा अचानक लापता हो गया, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस के थाना ई-डिवीजन की पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्चे की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों में जांच कर कुछ ही समय में बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। बाद में बच्चे को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया, जिसके बाद परिवार ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया। इस संबंध में जानकारी देते हुए सुरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा सतर्कता और तत्परता के साथ कार्रवाई कर बच्चे को सुरक्षित ढूंढ लिया गया। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालु अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।