सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के मुख्य मैनेजर भगवंत सिंह धंगेरा साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं। हैकरों ने उनका मोबाइल अकाउंट हैक कर उनके परिचितों और संपर्कों को फर्जी संदेश भेजकर पैसों की मांग की। जानकारी के अनुसार, ठगों ने धंगेरा के नाम का इस्तेमाल करते हुए कई लोगों को मैसेज भेजे, जिनमें किसी जरूरी काम के लिए तुरंत आर्थिक मदद की बात कही गई। इस धोखाधड़ी का खुलासा उस समय हुआ जब कुछ लोगों को संदेश संदिग्ध लगा और उन्होंने सीधे मैनेजर से संपर्क कर इसकी पुष्टि की। मामले की गंभीरता को देखते हुए भगवंत सिंह धंगेरा ने तुरंत स्पष्टीकरण जारी किया। उन्होंने कहा कि उनका मोबाइल नंबर/अकाउंट हैक कर लिया गया है और उन्होंने किसी से भी पैसे नहीं मांगे हैं। उन्होंने संगत और अपने परिचितों से अपील की है कि ऐसे किसी भी संदेश पर भरोसा न करें और किसी को भी पैसे ट्रांसफर न करें।