पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत जंडियाला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने 4 किलो 300 ग्राम हेरोइन, एक स्कॉर्पियो गाड़ी, 30 बोर पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त नशे की कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई है। डीएसपी रविंदर पाल सिंह संधू ने बताया कि डीजीपी पंजाब और एसएसपी के निर्देशों पर नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना मेहता के प्रभारी हरपाल सिंह को गुप्त सूचना मिली कि तीन लोग स्कॉर्पियो में बड़ी मात्रा में हेरोइन लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी की। जब संदिग्ध वाहन को रुकने का इशारा किया गया तो आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर ब्यास के पास गांव जमालपुर में घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान गाड़ी से 4.3 किलो हेरोइन, एक पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवप्रीत सिंह, सिमरप्रीत सिंह और बलदेव सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन का रिमांड हासिल किया है। डीएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि नशा कहां से आया और किसे सप्लाई होना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।