सीमा सुरक्षा बल द्वारा विजय दिवस के उपलक्ष्य में नशा के खिलाफ शुरू की गई साइकिल रैली गुरुवार को खासा स्थित मुख्यालय में पहुंची। यह रैली बीओपी नौशहरा, राजाताल और अटारी से होते हुए यहां पहुंची। खासा मुख्यालय में प्रतिभागियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। प्रतिभागियों और युवाओं के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए डीआईजी एसएस चंदेल ने नशे पर प्रेरक भाषण दिया। उन्होंने कहा कि बीएसएफ के 60वें स्थापना दिवस समारोह की तैयारी के हिस्से के रूप में आयोजित इस पहल का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में युवाओं के बीच नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खतरों के बारे में जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ, नशा मुक्त जीवन शैली को बढ़ावा देना है। यह रैली भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा के साथ 491 किलोमीटर का मार्ग तय करेगी, जो जेसीपी हुसैनीवाला और करतारपुर साहिब काॅरिडोर से गुजरते हुए 30 नवंबर जेसीपी अटारी अमृतसर में संपन्न होगी। डीआईजी एसएस चंदेल ने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है और सीमा सुरक्षा बल इस बुराई के खिलाफ लगातार काम कर रही है। पाकिस्तान की ओर से भेजी जा रही नशे की खेप बरामद की जा रही है। इसके साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाया जा रहा है।