पंजाब पुलिस और खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने अमृतसर में एलपीजी गैस एजेंसियों के गोदामों की अचानक जांच की। यह कार्रवाई डिप्टी कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर के निर्देशों पर की गई, ताकि संभावित गैस कमी के दौरान जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग को रोका जा सके। जानकारी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्य-पूर्व में चल रहे विवाद के कारण एलपीजी गैस की संभावित कमी को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने रवि गैस एजेंसी और गुरविंदरा गैस एजेंसी के गोदामों की जांच की। चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने गोदामों में मौजूद गैस सिलेंडरों के स्टॉक की जांच की और एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी हालत में गैस सिलेंडरों की जमाखोरी न की जाए। एजेंसियों को यह भी कहा गया कि उपभोक्ताओं की बुकिंग के अनुसार उन्हें समय पर और तय रेट पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी एजेंसी द्वारा गैस सिलेंडरों की जमाखोरी या ब्लैक मार्केटिंग की शिकायत सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस तरह की जांच जारी रहेगी, ताकि किसी भी परिस्थिति में आम लोगों को गैस आपूर्ति को लेकर परेशानी न हो।