श्री दरबार साहिब के बाहरी गलियारा क्षेत्र में छह जून की रात हुई हुड़दंग और फायरिंग की घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घटना में एक दुकानदार समेत दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, रात के समय चार-पांच युवक एक किराना दुकान पर सामान खरीदने पहुंचे। दुकानदार विनोद मल्होत्रा के मुताबिक युवकों ने करीब 550 रुपये का सामान लिया, लेकिन ऑनलाइन भुगतान के जरिए केवल 230 रुपये ही दिए। बाकी रकम मांगने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि युवकों ने पिस्तौल निकालकर दुकान की ओर चार से पांच राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग में दुकानदार विनोद मल्होत्रा घायल हो गए, जबकि पास के ढाबे में काम कर रहा एक युवक भी छर्रे लगने से जख्मी हो गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावर नशे की हालत में थे और करीब एक घंटे तक इलाके में उत्पात मचाते रहे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।