समाजसेवी डॉ. एसपी सिंह ओबरॉय ने मानव सेवा को समर्पित सरबत दा भलाचैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से अमृतसर के रामगढ़िया भवन में नई चैरिटेबल लैब का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि इस लैब में कई मेडिकल टेस्ट बाजार की तुलना में बेहद कम कीमत पर किए जाएंगे, जबकि कुछ जांचें बिल्कुल मुफ्त भी होंगी। डॉ. ओबरॉय ने कहा कि कैंसर, किडनी और दिल की बीमारियों का पता अक्सर देर से चलता है क्योंकि महंगे टेस्ट करवाना हर किसी के लिए संभव नहीं होता। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट पंजाब में करीब 152 लैब चला रहा है। उन्होंने बताया कि जो फुल बॉडी टेस्ट बाजार में 4–5 हजार रुपये में होते हैं, वही यहां लगभग 415–420 रुपये में किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पिछले साल करीब 27 लाख मरीजों ने इन लैबों का लाभ लिया। जल्द ही चीफ खालसा दीवान और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी में भी नई लैब शुरू की जाएंगी। दुबई से लौटे डॉ. ओबरॉय ने मध्य पूर्व के हालात पर कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाहें ज्यादा फैल रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हालात जल्द सामान्य होंगे और फंसे भारतीय जल्द अपने घर लौट सकेंगे।