सचखंड हरिमंदिर साहिब से संबंधित एक कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसजीपीसी ने सख्त रुख अपनाया है। कमेटी के सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम सेल में एफआईआर दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि 26 और 29 जनवरी को संबंधित विभाग को शिकायत दी गई थी। पुलिस प्रशासन से मांग की गई है कि वीडियो बनाने और उसे वायरल करने वाले शख्स की जल्द पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने की हिम्मत कोई न कर सके। एसजीपीसी ने संगतों से अपील की है कि ऐसी संदिग्ध वीडियो पर आंख मूंदकर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे साझा करें। कमेटी ने कहा कि अफवाहें फैलाने से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। किसी भी जानकारी की पुष्टि के लिए एसजीपीसी के मुख्य कार्यालय से संपर्क करने की सलाह दी गई है।