हरिमंदिर साहिब के निकट स्थित श्री गुरु तेग बहादुर कॉलेज फॉर वूमेन में वार्षिक डिग्री वितरण समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। इस अवसर पर खालसा कॉलेज गवर्निंग काउंसिल के सचिव एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजिंदर मोहन छीना मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने 240 होनहार छात्राओं को डिग्रियां प्रदान कीं। डिग्री प्राप्त करते समय छात्राओं के चेहरों पर उत्साह और खुशी साफ झलक रही थी। अपने संबोधन में राजिंदर मोहन सिंह छीना ने कहा कि आज की लड़कियां हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि छात्राएं न केवल शिक्षा बल्कि समाज सेवा और विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों में भी सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। उन्होंने सभी छात्राओं और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कॉलेज प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथि को सम्मानित किया गया तथा शिक्षा के उच्च मानकों को बनाए रखने का संकल्प दोहराया गया।