शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की सारागढ़ी सराय स्थित कैंटीन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कैंटीन संचालन में कथित भ्रष्टाचार और लाखों रुपये के बकाया किराए के चलते अब खुली बोली (ओपन टेंडर) की मांग उठने लगी है। इस संबंध में अमृतसर की दो फर्मों भगवती एग्रो एंड मिल्क प्रोडक्ट्स और ग्रीन चिली हॉस्पिटैलिटी ने एसजीपीसी कार्यालय में लिखित मांग पत्र देकर सारागढ़ी सराय की कैंटीन लेने की इच्छा जताई है। कमेटी अधिकारियों ने पत्र प्राप्त कर इस पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फर्मों के प्रतिनिधियों, भगवती एग्रो के एरिया मैनेजर अजय शर्मा और ग्रीन चिली हॉस्पिटैलिटी के मैनेजर सिमरनजीत सिंह ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया और समाचारों के माध्यम से जानकारी मिली कि वर्तमान कैंटीन संचालक पर लाखों रुपये का किराया बकाया है और लीज डीड भी लंबित है। साथ ही संगत को महंगे दामों पर भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि एसजीपीसी द्वारा खुली बोली करवाई जाती है, तो वे वर्तमान किराए से 20 से 25 प्रतिशत अधिक किराया देने को तैयार हैं। इसके साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगत को स्वच्छ (हाइजीनिक) और वाजिब दामों पर भोजन उपलब्ध कराया जाएगा तथा समय पर किराया भी जमा करवाया जाएगा। फर्मों ने कमेटी से अपील की है कि उनकी मांग पर विचार कर उन्हें सेवा का अवसर दिया जाए।