अमृतसर में राजनीतिक रंजिश के चलते उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और नेताओं पर अकाली दल के पार्षद इंदरजीत सिंह पंडोरी के बेटे और अन्य युवकों के साथ मारपीट करने के आरोप लगे। घटना थाना बी डिवीजन क्षेत्र की बताई जा रही है। पहले शहीदा साहिब के बाहर दोनों पक्षों में विवाद हुआ, जिसके बाद घायल युवकों को इलाज के लिए अमृतसर के सिविल अस्पताल लाया गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने के बाद दोनों गुट एक बार फिर आमने-सामने आ गए और अस्पताल परिसर के भीतर ही हाथापाई तथा गाली-गलौज शुरू हो गई। कांग्रेसी और अकाली कार्यकर्ताओं के बीच हुई धक्का-मुक्की और विवाद की तस्वीरें भी सामने आई हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन को मौके पर पहुंचकर माहौल शांत करवाना पड़ा। मीडिया से बातचीत करते हुए अकाली पार्षद इंदरजीत सिंह पंडोरी ने आरोप लगाया कि उन्हें और अकाली दल के कार्यकर्ताओं को राजनीतिक रंजिश के तहत निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा और अन्य युवक माथा टेकने गए थे, जहां उन पर हमला किया गया। पंडोरी ने यह भी आरोप लगाया कि सिविल अस्पताल में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और दोबारा मारपीट की गई। वहीं थाना ए डिवीजन के एसएचओ जगजीत सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले विवाद हुआ था, जिसके बाद घायलों को अस्पताल लाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उधर थाना बी डिवीजन के एसएचओ बलजिंदर सिंह ने कहा कि शहीदा साहिब के बाहर शुरू हुआ विवाद बाद में सिविल अस्पताल तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्ष फिर भिड़ गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।