पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र जंडियाला गुरु के गांव मखनविंडी से “मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना” के तहत यात्रियों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि यह यात्रा केवल एक साधारण सफर नहीं, बल्कि बुजुर्गों की आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक शांति से जुड़ा एक पवित्र प्रयास है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई इस योजना के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न धार्मिक तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की योजनाएं सामाजिक और धार्मिक मूल्यों को मजबूत करती हैं और बुजुर्गों के सम्मान की परंपरा को और सुदृढ़ बनाती हैं। साथ ही उन्होंने कामना की कि यह यात्रा सभी यात्रियों के लिए सुखद, सुरक्षित और आध्यात्मिक संतुष्टि से भरपूर रहे। इस दौरान गांववासियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। प्रशासन की ओर से यात्रा के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध भी सुनिश्चित किए गए।