अमृतसर नगर निगम की टीम ने शहर के प्रमुख व्यावसायिक इलाके लॉरेंस रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से रखी गई कुर्सियां, टेबल और अन्य सामान को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान जैसे ही निगम कर्मियों ने दुकानों के बाहर रखी कुर्सियां उठानी शुरू कीं, मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई दुकानदारों ने जल्दबाजी में अपना सामान समेटना शुरू कर दिया, जबकि कुछ ने कार्रवाई का विरोध भी किया। निगम अधिकारियों के अनुसार, लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह अभियान चलाया गया। फुटपाथों पर कब्जे के कारण राहगीरों और वाहनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और आम लोगों की सुविधा के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। निगम ने दुकानदारों को चेतावनी दी है कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर जुर्माना और सख्त कार्रवाई की जाएगी।