नए बेअदबी कानून को लेकर श्री अकाल तख्त साहिब में हुई बैठक के बाद पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि अकाल तख्त साहिब ने आम आदमी पार्टी के सिख मंत्रियों और विधायकों को एक माह का समय दिया है, जिसके दौरान अकाल तख्त की ओर से भेजे जाने वाले संशोधनों (अमेंडमेंट्स) पर सरकार विचार करेगी। स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि जत्थेदार के साथ लंबी और सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब की गरिमा और मर्यादा को ध्यान में रखते हुए बैठक के अंदर हुई चर्चा का सार्वजनिक खुलासा करना उचित नहीं है। हालांकि सरकार बैठक में मिले सुझावों पर गंभीरता से विचार करेगी। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि जत्थेदार की ओर से प्रस्तावित संशोधन पंजाब विधानसभा के स्पीकर के माध्यम से भेजे जाएंगे। संशोधन प्राप्त होने के बाद सरकार और विधायक उनका विस्तृत अध्ययन करेंगे और एक महीने के भीतर अपना निर्णय लेंगे। बैठक के बाद आप के मंत्रियों और विधायकों ने श्री अकाल तख्त साहिब के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि वे जत्थेदार द्वारा दिए गए सुझावों का पूरा सम्मान करेंगे और धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखकर आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।