पंजाब सरकार के 'युद्ध नशों के विरुद्ध' और 'वार अगेंस्ट गैंगस्टर्स' अभियान के तहत अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 11 पिस्तौल, 10.940 किलोग्राम हेरोइन, 1.019 किलोग्राम आइस (मेथामफेटामाइन), 52 हजार रुपये की ड्रग मनी तथा भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। एसएसपी अमृतसर ग्रामीण कवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि जांच में सामने आया है कि हेरोइन और हथियार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए सीमा पार भेजे गए थे। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तस्करी नेटवर्क के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनके फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत दो नशा तस्करों की करीब 1.20 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज कर दी गई है। गिरफ्तार अधिकांश आरोपियों पर पहले भी एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। एसएसपी ने कहा कि नशा तस्करों और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।