गुरुग्राम। मारुति कुंज पुलिस चौकी क्षेत्र में एक शिव मंदिर में दो युवकों ने शिवलिंग पर चढ़ा धातु का सांप चोरी कर लिया है। चोरी की यह घटना 29 मार्च की दोपहर 12.41 बजे की है। चोरी की वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि मारुति कुंज क्षेत्र के निर्मल दरबार स्थित मंदिर से दो शातिर चोरों ने शिवलिंग पर चढ़ा धातु का सांप चुरा लिया। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि दो युवक एक बाइक पर सवार होकर मंदिर परिसर में पहुंचते हैं। एक युवक बाइक स्टार्ट कर बाहर इंतजार करता रहा, जबकि दूसरा युवक मंदिर के अंदर दाखिल हुआ। युवक ने बिना किसी हिचकिचाहट के शिवलिंग पर मौजूद धातु के सांप को उठाया और अपनी जेब में रखकर भाग गया। शिव मंदिर में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना से क्षेत्र के लोगों में रोष है। मारुति कुंज पुलिस चौकी के प्रभारी एसआई प्रमोद ने बताया कि मामले में अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। मंदिर से चोरी मामले में कोई व्यक्ति शिकायत करता है तो उसी अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।