यूपी के गोंडा में शनिवार को लापता बाइक मैकेनिक का शव रमवापुर नायक-लखनीपुर मार्ग पर नाले के पास मिला है। मृतक की दोनों आंखें और बायां कान गायब मिला। चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। वह बुधवार की शाम को घर से शादी में जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद से लापता था। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। जबकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में घटना के कारणों का पता चल सकेगा। बिरमापुर निवासी शकील (27) की इटियाथोक के बाबागंज मार्ग पर शकील मिस्त्री के नाम से बाइक मैकेनिक की दुकान है। बीते बुधवार रात आठ बजे वह दुकान से घर पहुंचा था। इसके बाद घर से कहीं शादी में जाने की बात कहकर निकला था। पत्नी खुशनुमा ने बताया कि देररात तक उनके पति शकील वापस नहीं लौटे तो तलाश शुरू की थी। लेकिन, उनका पता नहीं चला। 16 जनवरी को इटियाथोक पुलिस को जानकारी दी। इस पर गुमशुदगी दर्ज कर छानबीन शुरू की गई थी।