सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने पहलगाम में आतंकी हमले को लेकर कहा कि चुनाव नजदीक आ गया है। सत्ता पाने के लिए कौन सा हमला हो जाएगा, किसी को पता नहीं है। हमले में पर्यटक मारे गए हैं। सीमाएं सुरक्षित नहीं हैं। देश की सुरक्षा के नाम पर एक के बदले दस सिर काटने की बात करने वालों की सरकार में आतंकवाद बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को बिजनौर से लखनऊ जाते समय शाहजहांपुर में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रुके प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा और आरएसएस को सांप्रदायिक संगठन बताया।