सोनीपत के गोहाना के गांव बिचपड़ी में तीन दिवसीय ओपन फुटबाल प्रतियोगिता के दूसरे दिन टीमों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 16 टीमें प्रतिभागिता कर रही हैं। शनिवार को प्रतियोगिता में पहला मुकाबला गोहाना व बादली की टीमों के बीच खेला गया। जिसमें बादली की टीम ने गोहाना को 1-0 के अंतर से हराते हुए मुकाबले में जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में पहुंची अन्य टीमों में भी मुकाबले को लेकर उत्सुकता बनी रही। ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित की जा रही ओपन फुटबाल प्रतियोगिता में विभिन्न स्थानों से टीमें पहुंची। आयोजक समिति से सुरेश पूनिया ने बताया कि शुक्रवार को शुरू की गई प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। पहले दिन जहां जूनियर वर्ग के मुकाबले खेले गए। वहीं शनिवार को सीनियर वर्ग की टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता रहने वाली टीम को 41 हजार और उप विजेता को 31 हजार रुपये की नकद राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा सेमीफाइनलिस्ट को भी 5100-5100 रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। आयोजक समिति सदस्यों ने बताया कि प्रतियोगिता में फुटबाल के अलावा गांव के 60 वर्ष से अधिक बुजुर्गों की दौड़ करवाई जाएगी, जो विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा पुरुष व महिलाओं की रस्साकसी भी करवाई जाएगी। जिसको लेकर ग्रामीणों में भी उत्साह बना हुआ है। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में ग्रामीण भाग ले रहे हैं।