सुरक्षाबलों के हाथों मारे गए नक्सली माडवी हिड़मा और उसकी पत्नी राजे का सुकमा जिले के पूवर्ती गांव में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान हिड़मा की मां लाश से लिपटकर रोती बिलखती रही। अंतिम संस्कार के दौरान हिड़मा की लाश पर काले पैंट, शर्ट डाले गए तो वहीं, उसकी पत्नी राजे को लाल जोड़े में अंतिम विदाई दी गई। गांव के लोगों के साथ-साथ आसपास के गांव को लोग भी उसकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
छत्तीसगढ़–आंध्रप्रदेश सीमा पर 18 नवंबर की सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने कुख्यात नक्सली माडवी हिड़मा और उसकी पत्नी राजे को ढेर कर दिया था। गृह मंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक सुरक्षाबलों को देश से नक्सलवाद के खात्मे का लक्ष्य दिया है। देश से नक्सलवाद को खत्म करने के लिए सुरक्षाबलों का अभियान जारी है। सुरक्षाबलों ने हिड़मा जैसे कई खुंखार नक्सलियों को मार गिराने में सफलता हासिल की है।