एमपी में लाडली बहना योजना के तहत सीएम डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को सिवनी से राज्यभर की महिलाओं के खातों में 1500 रुपए की किस्त भेजी। अब तक योजना का लाभ उठाने वाली महिलाओं को 1250 रुपये प्रतिमाह दिए जाते थे, हाल ही में कैबिनेट की मंजूरी के बाद इसमें 250 रुपये की वृद्धि की गई है।
मुख्यमंत्री ने एक क्लिक में 1 करोड़ 26 लाख 36 हजार महिलाओं के खातों में कुल 1587 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की।
इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से कहा कि कांग्रेस के लोग कहते हैं कि बहनों के पति यह पैसा दारू में उड़ाते हैं। इस पर वहां उपस्थित महिलाओं ने जोरदार इंकार किया। सीएम ने मुस्कुराते हुए कहा कि देखा, हमारी बहनें कितनी समझदार हैं।
बता दें कि, सरकार ने स्पष्ट किया है कि योजना की पुरानी शर्तें बरकरार रहेंगी। 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर हितग्राही अपात्र हो जाएंगी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि समग्र आईडी सत्यापन सामाजिक न्याय विभाग द्वारा किया जा रहा है, जिससे किसी माह की किस्त में देरी की संभावना नहीं है।