सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार को बहराइच के भरथापुर पहुंचे। नाव हादसे के बाद बहराइच पहुंचे सीएम योगी ने गांव का हवाई सर्वे किया। साथ ही सीएम ने एक महीने के अंदर गांव वालों को सुरक्षित आबादी के स्थान पर बसाने की घोषणा की। सीएम योगी रविवार दोपहर तीन बजे मोतीपुर डॉक बंगला पहुंचे। सीएम योगी ने भरथापुर गांव के नाव हादसे के पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें चेक दिया।
इस दौरान सीएम योगी ने घोषणा की कि एक महीने के अंदर भरथापुर गांव के सभी 118 परिवारों के विस्थापन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इसके लिए 21.56 करोड़ का बजट जारी कर दिया गया है। गांव के सभी 118 परिवारों को आवास के साथ कृषि योग्य जमीन भी मुहैया कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके अलावा जंगल में बसे अन्य लोगों के भी विस्थापन के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। सूची बनाकर भेजें कार्यवाही कर उन्हें भी जंगल से बाहर बसाया जाएगा।
बता दें, बहराइच के भरथापुर घाट पर बुधवार को हुए नाव हादसे में लापता आठ लोगों में से एक युवक का शव रविवार शाम साढ़े तीन बजे घाघरा बैराज के डाउनस्ट्रीम से आधा किलोमीटर दूर बरामद हुआ। रेस्क्यू कार्य में लगे जवानों ने उम्मीद जताई है कि अन्य लापता लोगों का भी जल्द पता कर लिया जाएगा। भरथापुर घाट पर बुधवार को हुए नाव हादसे में 22 लोग नदी में डूब गए थे। 13 लोक सुरक्षित बचा लिए गए थे जबकि एक महिला का शव उसी दिन मिला था। वहीं, आठ लापता हुए लोगों की तलाश में चार दिन से रेस्क्यू अभियान चल रहा है।
राहत व बचाव कार्य में एसडीआरएफ, एनडीआरफ, पुलिस, पीएसी और एसएसबी की टीमें लगी हुई है। रविवार को सुबह 6:00 बजे से रेस्क्यू अभियान शुरू हुआ। दोपहर में 2:50 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर भरथापुर गांव पर मंडराया।