फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Umaria News: उमरिया जिले में मौसम ने बदली करवट, रिमझिम बारिश से ठंड बढ़ने के आसार, धान की फसल पर मंडराया संकट

Wed, 29 Oct 2025 04:21 PM IST
उमरिया ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उमरिया

जिले में बुधवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। आसमान में घने बादल छा गए और कई इलाकों में रिमझिम बारिश शुरू हो गई। हल्की बूंदाबांदी से जहां तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है, वहीं किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। खेतों में खड़ी धान की फसल अब पकने की स्थिति में है, ऐसे में समय से पहले आई बारिश फसल को नुकसान पहुंचा सकती है।

ग्रामीण इलाकों के अनुसार बांधवगढ़, पाली, चंदिया, नौरोजाबाद, मानपुर और बिरसिंहपुर क्षेत्र में सुबह से ही बादल छाए रहे। दोपहर तक कई स्थानों पर हल्की बारिश होती रही। लगातार बदलते मौसम ने दिन का तापमान गिरा दिया और हवा में ठंडक बढ़ गई है। लोगों ने सुबह से ही गर्म कपड़ों का उपयोग शुरू कर दिया है।

ये भी पढ़ें-इंदौर मंडी में नहीं बची प्याज रखने की जगह, रोज आ रहे 70 से ज्यादा ट्रक

किसानों का कहना है कि इस समय धान की कटाई का दौर चल रहा है। कई जगहों पर फसल काटकर खेतों या खलिहानों में सुखाई जा रही है। ऐसे में बारिश से कटे हुए धान भीगने का खतरा बढ़ गया है। इससे दाने काले पड़ सकते हैं या अंकुरित हो सकते हैं, जिससे उपज की गुणवत्ता पर असर पड़ेगा। वहीं जिन किसानों की फसल अभी खेत में खड़ी है, उन्हें गिरने या सड़ने की चिंता सता रही है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी हुई है, वहां कटाई की प्रक्रिया फिलहाल रोक देना बेहतर होगा। पहले से कटी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखकर उसे ढकने की व्यवस्था की जाए ताकि नुकसान कम से कम हो।

ये भी पढ़ें-विधायक जंडेल किसानों को न्याय न मिलने तक नहीं पहनेंगे जूते, बर्बाद हुई फसलों का भी जायजा लिया

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मध्य प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। उमरिया में अगले 24 घंटों तक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश जारी रह सकती है। विभाग ने यह भी अनुमान लगाया है कि बारिश के बाद जिले में ठंड बढ़ने लगेगी। रात का तापमान तीन से चार डिग्री तक गिर सकता है।

फिलहाल किसानों की निगाहें आसमान पर टिकी हैं। सभी यही उम्मीद कर रहे हैं कि बारिश लंबे समय तक न चले और फसल सुरक्षित निकल जाए। जिले के बाजारों में भी मौसम का असर देखने को मिला है। लोगों ने सुबह-सुबह ठंडी हवाओं के बीच गरम पेय पदार्थों की दुकानों पर भीड़ लगाई। बदलते मौसम ने जिले में सर्दी के मौसम की दस्तक का संकेत दे दिया है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें