उमरिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। नेशनल हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश कर रहे लुटेरों ने ड्यूटी से लौट रहे पुलिस आरक्षक पर रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में आरक्षक के सिर और जबड़े पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे आरक्षक चंद्रकांत तिवारी सतना से ड्यूटी पूरी कर उमरिया पुलिस लाइन लौट रहे थे। रास्ते में पिपरिया के पास बने पेट्रोल पंप पर उन्होंने अपनी बाइक रोकी। उसी समय उनकी नजर दो संदिग्ध युवकों पर पड़ी, जो रॉड लेकर पेट्रोल पंप के आसपास घूम रहे थे। आरक्षक ने स्थिति को समझते हुए उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन लुटेरों ने हमला कर दिया।
ये भी पढ़ें- पीतांबरा पीठ पर निर्माणाधीन मुख्य द्वार गिरने के मामले में ठेकेदारों पर FIR, प्रबंधन से मांगा जवाब
बताया गया कि दोनों हमलावरों ने अचानक आरक्षक पर रॉड से वार शुरू कर दिए। हमले के दौरान चंद्रकांत तिवारी गिर पड़े और उनके सिर तथा जबड़े पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल आरक्षक को अस्पताल पहुंचाया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने क्षेत्र की नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
एक आरोपी की पहचान
उमरिया पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी ने कहा कि इस मामले में FIR दर्ज कर ली गई है और जांच तेज कर दी गई है। उन्होंने बताया कि एक आरोपी की पहचान मनीष करिया के रूप में हो चुकी है और उसे पकड़ने के लिए टीम तैनात की गई है। एसपी ने यह भी कहा कि अन्य हमलावरों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त करने के निर्देश दिए हैं। बताया गया कि हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंप अक्सर निशाने पर रहते हैं, इसलिए गश्त बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें- देर रात खूनी हमला; महिला बीएलओ सहित चार पर टांगी से वार, पुरानी रंजिश बनी वजह
इसलिए टली बड़ी वारदात
आरक्षक चंद्रकांत तिवारी की बहादुरी की चर्चा भी हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि उन्होंने तुरंत स्थिति को न भांपा होता, तो लुटेरे पेट्रोल पंप पर बड़ी लूट को अंजाम दे सकते थे। उनकी सतर्कता से घटना के गंभीर रूप लेने से पहले ही पुलिस को सूचना मिल गई। फिलहाल घायल आरक्षक का जबलपुर में इलाज जारी है। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों की गिरफ्तारी अभियान शुरू कर दिया है। अधिकारी उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही पूरी घटना का खुलासा हो जाएगा और लुटेरों के गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।