सावन भगवान शिव का प्रिय महीना है। इस माह में शिव भक्त अपने आराध्य को प्रसन्न करने के लिए विशेष पूजा आराधना करते हैं। तो साथ ही वे ज्योतिर्लिंग के दर्शनों के लिए भी जाते है। मध्यप्रदेश में स्थित 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक महाकालेश्वर में भी सावन माह में भक्तों के आने का सिलसिला लगातार जारी है। रोजाना बड़ी संख्या में शिव भक्त बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। महाकाल लोक बनने के बाद धर्मनगरी पहुंचने वाले दर्शनार्थियों की संख्या में लगातार बढोतरी हो रही है। यही वजह है कि इस बार सावन में बाबा महाकाल के भक्तों ने पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। फिर वो चाहे भस्मारती में दर्शन करने की बात हो या फिर बाबा महाकाल को दान देने की, इस वर्ष महाकाल मंदिर में कई सारे नए रिकॉर्ड बने हैं।