उज्जैन शहर में दो रील तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसे देखकर कोई भी यह समझ नहीं पा रहा है कि वीडियो के लिए एक बाइक को आग लगाकर और एक बाइक को शिप्रा नदी में क्यों फेंका गया। तेजी से वायरल हो रही इस रील को लेकर जब पड़ताल की गई तो पता चला कि यह कारनामा बाइक चोरों का है, जिन्होंने पहले मशक्कत कर बाइक चुराई और उसके बाद इन बाइक को नुकसान पहुंचा दिया। वैसे अब बाइक में आग लगाने और इस नदी में फेंकने वाले दो आरोपी पुलिस के गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि एक की तलाश अभी जारी है।
कोतवाली टीआई लीला सोलंकी ने बताया कि बाइक चोरी के मामले में सुशील उर्फ गब्बू पिता कन्हैयालाल निवासी शांति नगर नीलगंगा, गौरव पिता हरिसिंह जाटव निवासी शांति नगर हालमुकाम नीमनवासा को गिरफ्तार किया गया था। इन दोनों में से गौरव नामक युवक को एक स्थान से बाइक चोरी करते हुए देखा गया था। हमारे थाने के जवान बाइक चोरों से पूछताछ कर ही रहे थे कि इसी दौरान हमने उनके मोबाइल भी चेक किए, लेकिन चेकिंग के दौरान हमें इनके मोबाइल से कुछ ऐसे वीडियो दिखाई दिए जो कि चौंकाने वाले थे। इन वीडियो में एक मोटरसाइकिल को शिप्रा नदी में फेंका जा रहा था, जबकि एक अन्य वीडियो में पकड़े गए आरोपी मोटरसाइकिल में आग लगाते हुए दिखाई दे रहे थे। इन वीडियो को लेकर बाइक चोरों से पूछताछ चल ही रही थी कि तभी पता चला कि ऐसे वीडियो तो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। इन वीडियो के मिलने के बाद जब बाइक चोरों से फिर से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि उनका एक साथी अन्य भी है, जिसके साथ मिलकर वह बाइक चोरी करते थे। पुलिस उस तीसरे साथी की तलाश में जुटी हुई है लेकिन अभी पुलिस को यह पता नहीं चल पाया है कि मोटरसाइकिल चुराने वाले यह बदमाश आखिर बाइक में आग क्यों लगा देते थे। साथ ही इन वीडियो को वायरल क्यों करते थे...?