मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया ने आज ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के प्रातःकालीन भस्म आरती में दर्शन लाभ लिए। दर्शन के उपरांत, सिंधिया ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की व्यवस्था बहुत अच्छे से की गई है। दर्शन उपरांत श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से श्री सिंधिया का स्वागत एवं सत्कार किया गया।
मंदिर परिवार के साथ मेरा पीढ़ियों से रिश्ता है
बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद महाआर्यमन सिंधिया ने मीडिया से कहा कि इस पूरे मंदिर परिवार के साथ मेरा पीढ़ियों से रिश्ता है और मैं आप सबको कहना चाहूंगा कि आज जिस तरीके से भस्म आरती हमने देखी है, मैं चाहता हूं कि पूरे देश के लोग यहां आएं और भस्म आरती का आनंद लें। देशवासियों से कहना चाहूंगा कि आप भी बाबा महाकाल का नाम लें। बाबा महाकाल के अच्छे से दर्शन होने पर आपने सबको बहुत-बहुत धन्यवाद दिया और कहा कि जिस तरह से मुझे दर्शन करवाए हैं और सभी के लिए यहां पर व्यवस्था की है, वह बहुत अच्छे से की गई है। बड़े आराम से लोग यहां पर दर्शन कर रहे हैं।
आंखें बंद कर हाथ जोड़कर की महाकाल से प्रार्थना
उन्होंने महाकाल की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। महाआर्यमन ने महाकाल से प्रार्थना की इस दौरान वे काफी देर तक आंखें बंद कर हाथ जोड़कर बाबा महाकाल के सामने खड़े रहे। महाआर्यमन सिंधिया ने महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में चांदी द्वार से बाबा महाकाल के दर्शन किए।