बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंची एक युवती को टाटा मैजिक चालक पर भरोसा करना उस समय महंगा पड़ गया, जब युवक ने ब्रिज के नीचे अंधेरा देखकर उसका हाथ पकड़ा और गलत हरकत करने लगा। लड़की ने इस पर शोर मचाया, जिस पर यहां से गुजर रहे कुछ लोग तुरंत युवती को बचाने पहुंचे और युवक को पकड़कर चिंतामण थाना पुलिस के सुपुर्द किया।
ये भी पढ़ें- खंडवा में आदिवासी महिला से सामूहिक दुष्कर्म में फरियादी से पुलिस तक की कहानी, सिलसिलेवार जानें घटनाक्रम
पूरे मामले की जानकारी देते हुए हिंदू जागरण मंच के अर्जुन सिंह भदोरिया ने बताया कि छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में रहने वाली एक युवती वर्ष 2024 में अपने परिवार के साथ बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन आई थी। इस समय उसकी मुलाकात टाटा मैजिक चालक शाहरुख पिता सादिक खान निवासी ग्राम पिपलाई ज़ैथल घटिया से हुई थी। शाहरुख के पास इस लड़की का मोबाइल नंबर था, इसीलिए वह उसे चैटिंग कर बातचीत करता रहता था। छत्तीसगढ़ से आई यह युवती एक बार फिर बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए उज्जैन आई थी, जहां उसने बाबा महाकाल और अन्य मंदिरों के दर्शन करने के लिए शाहरुख को मैजिक के साथ बुलाया तो उसने अपनी गाड़ी खराब होने की बात कही और लड़की को मोटरसाइकिल पर चलने के लिए कहा।
ये भी पढ़ें- सड़क पर संबंध बनाने वाले नेताजी गिरफ्तार, कांग्रेस ने एक्सप्रेसवे को शुद्ध करने के लिए छिड़का गंगाजल
पहले तो लड़की ने साथ जाने से मना किया, लेकिन बाद में शाहरुख उसे बहला फुसलाकर कर अपने साथ ले गया। उसने हरसिद्धि के बाद चिंतामन गणेश मंदिर जाने वाले मार्ग पर ब्रिज के नीचे अंधेरे में लड़की का हाथ पकड़ा और उसे भरोसा दिलाया कि वह उससे शादी करेगा। लड़की जब उसकी बातों में नहीं आई और विरोध किया तो शाहरुख ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में लड़की की आवाज सुनकर यहां से गुजर रहे लोगों ने उसकी मदद की और शाहरुख को पकड़कर चिंतामण थाना पुलिस के सुपुर्द किया है। इस मामले में चिंतामण थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 2023, 74, 351, 3 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। इस मामले में पुलिस आरोपी के मोबाइल की जांच कर रही है जिसमें आधा दर्जन से अधिक लड़कियों के साथ उसकी चैटिंग सामने आई है।