मकर संक्रांति पर्व आने के पहले ही शहर में चोरी छुपे जानलेवा चाइना डोर का व्यापार शुरू हो चुका है। वैसे तो इस डोर को बेचने पर प्रतिबंध है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग रुपये कमाने की अंधी दौड़ में इस व्यापार को कर रहे थे। चिमनगंज थाना पुलिस को जब सूचना मिली तो उन्होंने पहले तीन लोगों को गिरफ्तार किया और उसके बाद उनकी निशानदेही पर दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया है। चाइना डोर का व्यापार करने वाले इन लोगों के पास से लगभग 32 हजार कीमत के 47 चाइना रील जब्त की गई है।
नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि शिवांश एलिगेंस सोसायटी मार्ग पर चायना डोर का अवैध व्यापार करने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई के बाद आरोपियों को क्षेत्र में जुलूस के रूप में घुमाया गया, ताकि आमजन में जागरूकता फैले और अवैध गतिविधियों पर सख्त संदेश जाए। सभी आरोपियों के पास वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं पाए गए, जिससे कलेक्टर उज्जैन के प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन प्रमाणित हुआ।पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 223(बी) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- फिर AI तकनीक का दुरुपयोग, महाकाल मंदिर के पुजारियों में नाराजगी; जानें क्या है मामला
यह आरोपी हुए गिरफ्तार
चिमनगंज थाना पुलिस ने मनीष कुकरेजा पिता ओमप्रकाश कुकरेजा 23 साल निवासी सीपी भार्गवनगर से 12 गट्टे, हर्ष बारोड़ पिता आलोक बारोड़ 20 साल निवासी रामीनगर से 6 गट्टे और न्यू इंदिरानगर निवासी नाबालिग से 6 नाइलोन गट्टे जब्त किए, जबकि देसाईनगर निवासी प्रताप सिंह तोमर पिता किशोर सिंह तोमर 25 साल से 15 गट्टे मिले। महाकाल सिंधी कॉलोनी निखिल पिता प्रेम बिहार चंदानी 18 साल से नीलगंगा पुलिस ने 8 गट्टे जब्त किए हैं।
घातक है चाइना डोर
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि प्रतिबंधित चाइना डोर का उपयोग व विक्रय न करें, क्योंकि यह मानव जीवन और पक्षियों के लिए अत्यंत घातक है, तथा ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।